मेमन सादात

 मेमन अर्थात मेमन सादात गांव आज भी समेटे हैं  सदियों पुरानी विरासत 🔭🔎


मेमन सादात 1168 ईस्वी से चली आ रही सैयद परंपरा और 1857 के गदर की कहानी


बिजनौर जनपद का इतिहास केवल शहरों किलों और राजघरानों तक ही सीमित नहीं है बिजनौर जिले के अनेकों गांवों की गलियों मे पुराने मकानों मे मज़ारों मस्जिदों मन्दिरों मठो और इमामबाड़ों में सदियों पुरानी सामाजिक और सांस्कृतिक स्मृतियां आज भी जीवित हैं इन्हीं ऐतिहासिक बस्तियों में मेमन सादात का नाम विशेष महत्व रखता है।


स्थानीय वंशपरंपरा के अनुसार मेमन सादात में सैयद परिवारों की बसावट लगभग 1168 ईस्वी से मानी जाती है दीवान शाह सैयद अशरफ पुत्र आरिफ शाह पंजाब के धारसू नवाजपुरा से यहां आकर बसे थे स्थानीय परंपरा उन्हें हजरत जैद शहीद की औलाद से जोड़ती है हालांकि इस वंशावली और तिथि की पुष्टि के लिए प्राचीन दस्तावेजों एवं अभिलेखों का अध्ययन आवश्यक है।


मेमन सादात की मज़ार और जामा मस्जिद बनी पहचान दीवान शाह सैयद अशरफ की स्मृति आज भी उनके मज़ार के रूप में संरक्षित है स्थानीय मान्यता के अनुसार उनका मज़ार गांव के तालाब के किनारे स्थित है और उनकी बनाई हुई जामा मस्जिद के दक्षिण में है यह स्थान लंबे समय से स्थानीय लोगों के लिए ज़ियारत का केंद्र रहा है।


मेमन सादात गांव के तालाब के किनारे स्थित  इमामबाड़ा भी ऐतिहासिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है यहा के पुराने बुजुर्गों के अनुसार इसका निर्माण सैयद सईद मीर के दौर में कराया गया था। इन धार्मिक स्थलों ने मेमन सादात को केवल एक  आबादी नहीं बल्कि एक विशिष्ट धार्मिक सांस्कृतिक केंद्र का स्वरूप दिया था 


मेमन सादात के इतिहास की दूसरी महत्वपूर्ण कड़ी मुगल बादशाह शाहजहां के शासनकाल से  जुड़ी बताई जाती है स्थानीय परंपरा के अनुसार इसी गांव में सैयद जहांगीर का परिवार आकर  बसा था आगे चलकर यह परिवार हट्टे वालों के नाम से प्रसिद्ध हुआ समय के साथ इस परिवार का प्रभाव बढ़ा और स्थानीय स्तर पर उनकी जमींदारी तथा रियासती स्थिति मजबूत हुई परिवार की सामाजिक और प्रशासनिक हैसियत का अंदाजा इस बात से लगाया जाता है कि 1774 ईस्वी में  दीवानखाना बनवाया गया यह दीवानखाना उस समय परिवार के प्रशासनिक और सामाजिक प्रभाव का महत्वपूर्ण केंद्र रहा होगा।


मेमन सादात और हट्टे वालों के इतिहास का सबसे महत्वपूर्ण अध्याय 1857 के विद्रोह से भी जुड़ा माना जाता है 1857 के गदर तक हट्टे वालों की रियासत कायम रही उसी दौर में सैयद जीवन अली का नाम भी सामने आता है अग्रेजी शासन ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और उनकी रियासत को जब्त  कर लिया था 


स्थानीय परंपरा के अनुसार यह रियासत बहरा सादात जनपद मुजफ्फरनगर से जुड़ी थी और इसके अधीन लगभग 24 गांव बताए जाते हैं  1857 के बाद अंग्रेजी शासन की कार्रवाई ने इस परिवार की राजनीतिक और जमींदारी स्थिति को गहरा प्रभावित किया यह प्रसंग मेमन सादात के इतिहास को बिजनौर के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1857 के व्यापक इतिहास से जोड़ता है।


हट्टे वालों की पारिवारिक परंपरा में सैयद सिप्ते  हैदर पुत्र सैयद अली अख्तर का भी उल्लेख मिलता है स्थानीय स्मृतियों के अनुसार वे इस परिवार की प्रमुख हस्तियों में रहे बहरा सादात और मेमन सादात के बीच परिवारों के आवागमन ने दोनों स्थानों के बीच सामाजिक और धार्मिक  संबंधों को मजबूत किया समय के साथ साथ यहां आने वाले सैयद परिवारों ने मेमन सादात की सामाजिक संरचना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


मेमन सादात की सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक  यहां की अज़ादारी है जो सदियों पुरानी परंपरा है। इमामबाड़ा और उससे जुड़ी धार्मिक गतिविधियां आज भी इस विरासत को जीवित रखे हुए हैं।

मुहर्रम के अवसर पर यहां होने वाली अज़ादारी केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक स्मृति का हिस्सा है यही परंपराएं किसी गांव के इतिहास को किताबों से निकालकर वर्तमान जीवन से जोड़ती हैं।


मेमन सादात का इतिहास स्थानीय परंपराओं, वंशावलियों और मौखिक इतिहास में आज भी  सुरक्षित है लेकिन इसे प्रमाणिक ऐतिहासिक दस्तावेज का रूप देने के लिए पुराने राजस्व अभिलेख जिला गजेटियर बंदोबस्ती रिपोर्ट,  जमींदारी संबंधी दस्तावेज 1857 के अंग्रेजी रिकॉर्ड वंशावली पुराने शिलालेख और वक्फ अभिलेख खोज कर जल्द ही सम्पूर्ण इतिहास लिखा जाएगा विशेष रूप से 1168 ईस्वी की बसावट दीवान शाह सैयद अशरफ की वंशावली 1774 के दीवानखाने और 1857 में सैयद जीवन अली की गिरफ्तारी व रियासत की जब्ती से जुड़े  प्राथमिक स्रोत मिल जाएं तो मेमन सादात का इतिहास पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय बन सकता है।


यकीनन मेमन सादात की मिट्टी में सैयद वंश की बसावट मुगलकालीन सामाजिक संरचना जमींदारी  व्यवस्था 1857 के गदर और धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं की कई सदियों पुरानी कहानी समाई हुई है।


तैय्यब अली, स्वतंत्र लेखक, बिजनौर


Comments

Popular posts from this blog

हल्दौर रियासत

तारीख ए सरकशे जिला बिजनौर लेखक सर सैयद अहमद खां

बिजनौर है जाहरवीर की ननसाल