महमूद आज़म काज़मी 'सामरी'
91वीं जयंती पर विशेष
नगीना का चिराग़-ए-अदब : महमूद आज़म काज़मी 'सामरी'
डा. शेख़ नगीनवी
नगीना सिर्फ एक क़स्बा नहीं, एक तहज़ीब है, एक लहजा है। बिजनौर ज़िले का यह छोटा सा शहर हिंदुस्तान के अदबी नक्शे पर इतना बड़ा इसलिए है कि यहाँ की मिट्टी ने सैकड़ों शायर, अदीब, लेखक, समीक्षक पैदा किए हैं। यह शायरी की ज़रखेज़ ज़मीन है यह वह सरज़मीन है जहाँ की हवा में ग़ज़ल की खुशबू है और जिसकी मिट्टी में शेअर की तासीर है।
इसी नगीना का एक मोहल्ला है 'सरायमीर' या 'मीर की सराय' । इस सरायमीर मोहल्ले का 'सादात परिवार' गत दो शताब्दी से शायरी और अदब की ख़िदमत कर रहा है। इस परिवार ने नगीना को बर्रे सगी़र में एक अलग पहचान दी है। ऐसी अदबी ख़िदमत जो एक मुहल्ला के एक परिवार ने अंजाम दी है, वह बहुत से शहर ने भी नहीं दी होगी। इस परिवार की ख़ास बात यह है कि यहाँ सिर्फ़ मर्दों ने ही नहीं, औरतों ने भी घर की चारदीवारी में रहकर भी क़लम उठाया है, और मंज़र ए आम पर आकर भी मुशायरों व अदबी स्टेज से पेशकश की और यह रिवायत आज तक क़ायम है। इस खानवादा ए सादात में दाग़ देहलवी के शागिर्द और साहिबे दीवान शायर, सैयद अख्तर नगीनवी से लेकर सैयद मुबश्शिर हुसैन 'बशीर' शागिर्द खुर्शीद लखनवी , सय्यद अज़ादार हुसैन, सय्यद अमीर हुसैन 'अमीर नगीनवी' , काज़िम हुसैन, कनीज़ फ़ातिमा, नजमी नगीनवी, डॉक्टर मीना नक़वी, शमीम ज़ेहरा, डा. नुसरत मेहदी, नुज़हत अब्बास, अलीना इतरत रिज़वी , तस्नीम अहसन, नैनी काज़मी, आलमगीर काज़मी तक शायरी की एक पूरी नस्ल, एक पूरी तहज़ीब पैदा हुई है। इसी सुनहरी ज़ंजीर की एक मज़बूत और रौशन कड़ी सैयद महमूद आज़म काज़मी 'सामरी नगीनवी' हैं । आज 15 नवंबर, को उनकी 91वीं जयंती के मौक़े पर हम उन्हें सिर्फ याद नहीं कर रहे, बल्कि उनकी शायरी और शिक्षा के क्षेत्र में की गई सेवा को समझने की कोशिश कर रहे हैं।
महमूद आज़म काज़मी का जन्म नगीना के मोहल्ला सरायमीर में डॉक्टर हाफ़िज़ मोहम्मद आज़म के पढ़े-लिखे और शरीफ़ ख़ानदान में 15 नवंबर 1935 को हुआ था । जिनकी प्रारंभिक शिक्षा अंजुमन इशाते तालीम द्वारा संचालित मुस्लिम बॉयज (एम. बी. स्कूल) स्कूल, मौहल्ला अकाबरान, नगीना में हुई, उसके पश्चात उच्च शिक्षा के लिए महमूद आज़म काज़मी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी गए और वहां से उर्दू, अंग्रेज़ी भाषा में एम. ए. की उपाधि प्राप्त की। उसके बाद उन्होंने बी. एड. किया। अलीगढ़ विश्वविद्यालय में अध्ययन के दौरान उनकी प्रतिभा को मानों पंख लग गए। उनके पुत्र आलमगीर के मुताबिक़ 1958 में जब वह स्टूडेंट्स यूनियन के सेक्रेटरी बने तो अलीगढ़ में 'करो और पढ़ो' आंदोलन चलाया, जिसका मक़सद था कि तालिबे इल्म ख़ुद कमाएँ, अपनी पढ़ाई पर अपना कमाया हुआ पैसा ख़र्च करें और घर वालों पर बोझ न बनें। यह सोच आज से 68 साल पहले कितनी तरक़्क़ी पसंद थी, इसका अंदाज़ा आज लगाया जा सकता है। राही मासूम रज़ा जैसे तरक़्क़ी पसंद अदीब, मुज़फ्फर अली, इश्तियाक मोहम्मद खान और सलाम मछली शहरी जैसे शायर का साथी होना इस बात का सबूत है कि महमूद काज़मी का क्या मेयार था । महमूद आज़म काज़मी ने विश्वविद्यालय से "द अलीगढ़ यूनिवर्सिटी" का संपादन भी किया। एक खिलाड़ी के तौर पर वह 'विक़ार उल मुल्क हाल' की बैडमिंटन टीम के सदस्य थे उन्होंने यूनिवर्सिटी के कई मुका़बलों में मेडल जीते थे।
ख़ानदानी माहौल और अलीगढ़ की अदबी फ़िज़ा ने उन्हें शायर बना दिया। उन्होंने अपना तख़ल्लुस 'सामरी' रखा। उन्होंने शायरी में हम्द, नात, मर्सिया मन्क़बत ग़ज़लें और नज्में लिखी। लेकिन उनका ज़्यादा रूझान नज़्मों की जानिब रहा। मुशायरा और शेअरी नशिस्तों में भी मुस्तकिल शिरकत करते थे । गध में उन्होंने नाटक, रूपक और लेख आदि लिखे। दुर्भाग्य से उनका कोई मजमुआ कलाम (काव्य संग्रह ) मंज़र ए आम पर नहीं आया, जबकि उनके पास स्व रचित काव्य का अच्छा ख़ासा ज़खीरा मौजूद था। उन्होंने कई शायरों को शायरी के क्षेत्र में स्थापित करने में योगदान दिया। सामरी नगीनवी की शायरी शोर की शायरी नहीं, सोज़ की शायरी है। वह मुशायरों में तालियाँ बटोरने के लिए शेअर नहीं कहते थे, वह दिल से दिल की बात करते थे। उनके उस्ताद प्रोफ़ेसर ज़िया अहमद बदायूँनी थे, इसलिए उनके यहाँ फ़िक्र की पुख़्तगी और ज़बान की सफ़ाई दोनों मौजूद हैं।
उनके चंद अशआर जो उनके पूरे फ़न को समझने के लिए काफ़ी हैं। आइए मुलाहिज़ा फरमाएं :-
तिश्नगी दिल की ज़माने से छुपा ली जाए,
वरना पीने की कोई राह निकाली जाए।
सामरी नगीनवी का यह सिर्फ एक शेअर नहीं, पूरी ज़िन्दगी का फ़लसफ़ा है। शायर कहता है कि दिल की प्यास, मुहब्बत की तलब, कुछ कर गुजरने की आरज़ू को ज़माने से छुपा कर रखो। यह दुनिया बहुत ज़ालिम है, यह तुम्हारी प्यास का मज़ाक़ उड़ाएगी। अगर ज़माना तुम्हारी प्यास को जान गया तो तुम्हें बदनाम कर देगा, इसलिए या तो इस प्यास को छुपा लो, या फिर अगर छुपा नहीं सकते तो फिर दुनिया की परवाह छोड़ कर पीने का कोई रास्ता निकाल लो। यह शेर इश्क़-ए-हक़ीक़ी और इश्क़-ए-मजाज़ी दोनों पर सादिक़ आता है। यहाँ 'तिश्नगी' लफ़्ज़ का इस्तेमाल बहुत ही ख़ूबसूरत है।
देखता ही न हो जब कोई हमारी जानिब,
अपने दामन में न क्यों आग लगा ली जाए।
सामरी का यह शेर महबूब की बेरुख़ी और आशिक़ की बेबसी का बेहतरीन नमूना है। जब तुम्हें देखने वाला कोई न हो, तुम्हें पूछने वाला कोई न हो, तुम्हारी तरफ़ कोई निगाह उठा कर न देखता हो, तो ऐसी ज़िन्दगी जीने से क्या फ़ायदा? ऐसी ज़िन्दगी से तो बेहतर है कि इंसान खुद अपने दामन में आग लगा ले, यानी अपनी हस्ती को खत्म कर दे। यहाँ 'आग लगा लेना' एक अलामत है - शोर मचाने की, दुनिया की तवज्जो खींचने की। यह ग़ालिब के रंग का शेर है - जिसमें मायूसी के अंदर भी एक इंक़लाब छुपा है।
सामरी ज़ीस्त न हो मौत तो आसाँ हो जाए,
आस्तीं में हँसी नागिन फिर कोई पाली जाए।
यह शेर उनके तख़ल्लुस 'सामरी' के इस्तेमाल के साथ उनकी ज़ात का आईना है। सामरी जादूगर था, जिसने सोने से बछड़ा बना दिया था। यहाँ शायर कहता है कि ऐ सामरी (यानी ऐ मेरे दिल), अगर यह ज़िन्दगी, यह जीना, जीना न हो, यानी ज़िन्दगी जीने के क़ाबिल न रहे, तो मौत आसान हो जाती है। लेकिन यह दुनिया ऐसी है कि मौत के बाद भी सुकून नहीं। मरने के बाद भी लोग आस्तीन में हँसने वाली नागिन पाल लेते हैं - यानी फिर से वही धोखा, वही फ़रेब, वही नफ़रत। यह शेर उनके अंदर के सूफ़ियाना और वेदांती रंग को दिखाता है।
अब ख़ुदा मालूम वो ज़हर था या आबे हयात,
उनके हाथों से मुझे जो भी मिला अच्छा लगा।
यह उनका सबसे मक़बूल और सबसे आला शेर है। यह इश्क़ की आख़िरी मंज़िल है, जहाँ आशिक़ महबूब की हर चीज़ को कुबूल कर लेता है। महबूब ने ज़हर दिया या अमृत, धोखा दिया या वफ़ा, गाली दी या दुआ - आशिक़ को सब अच्छा लगता है, क्योंकि वह महबूब के हाथ से आया है। यह शेर फ़ना फ़ि-महबूब की कैफ़ियत है। इसकी सादगी में जो गहराई है, वही सामरी की असल पहचान है। यहाँ शायर ने बहुत बड़ी बात को बहुत सादे लफ़्ज़ों में कह दिया है।
उनकी शायरी आप भी मुलाहिज़ा फरमाएं।
खूने दिल अपना ही पीने का मजा अच्छा लगा,
इश्क यानी एक दर्द ए ला दवा अच्छा लगा।
जानते थे वोह हमारा हो नहीं सकता कभी,
फिर भी जाने क्यों वोह जालिम बेवफा अच्छा लगा।
जब खुला इंसान की मजबूरियों का हम पे राज़,
था जो नजरों में कभी सबसे बुरा अच्छा लगा ।
आकाशवाणी नजीबाबाद से उनकी वार्ताएं व शायरी प्रसारित होती रही है। मौलाना आज़ाद पर लिखी उनकी शोध रचना पर उर्दू अकादमी द्वारा सम्मानित किया गया था। शिक्षा के क्षेत्र में उनका बड़ा योगदान है। नगीना जैसे छोटे क़स्बे में दो तालीमी इदारे - 'नेशनल जूनियर हाई स्कूल' और 'ए.के. मुस्लिम इंटर कॉलेज' खड़े करना, किसी हुकूमत का नहीं, एक अकेले शख़्स के ख़्वाब का नतीजा है। उन्होंने इमारतें नहीं बनाईं, उन्होंने नस्लें बनाईं। वह जीवन भर शिक्षा के लिए समर्पित रहे। आज भी ये इदारे हज़ारों बच्चों को इल्म की रौशनी दे रहे हैं।
काज़मी साहब ने सिनेमा में भी किस्मत आज़माई। मुंबई की चकाचौंध से वह दूर नहीं रहे। फ़िल्म 'करम' में मैक मोहन जैसे मँजे हुए अदाकार के साथ काम करना, 'सर सैयद' फ़िल्म और 'ग़ज़ल' डॉक्यूमेंट्री में काम करना यह बताता है कि वह अपने क़स्बे में क़ैद होकर नहीं रहते थे, उनका फ़लक बहुत बड़ा था।
वर्ष 2010 में दुर्घटनाग्रस्त हो जाने पर वह मुस्तक़िल आन बैड रहे और 19 जनवरी 2017 को इस फ़ानी दुनिया से कूच किया। लेकिन वह मरे नहीं, वह अपने इदारों में अपनी शायरी में ज़िन्दा हैं। उनके द्वारा स्थापित किए गए शिक्षण संस्थान आज भी बच्चों को शिक्षित बना रहे हैं और उनके युवा पुत्र डॉक्टर आलमगीर काज़मी अपने पिता की विरासत को संभाले दोनों विद्यालयों को प्रशासनिक सेवाएं देने के साथ ही एक शायर के रूप में काव्य सृजन कर रहे हैं। उनकी पुत्री नैना काज़मी मुंबई में रहकर गीत, ग़ज़ल, भजन आदि की रचना कर उनके सपनों को साकार करते हुए देश - विदेश में नाम रोशन कर रही है। उनकी याद में डॉक्टर आलमगीर काज़मी ने 'सामरी साहित्य अकादमी' की स्थापना की जो वर्तमान में विभिन्न अवसरों पर साहित्यिक गतिविधियों का आयोजन करती रहती है। जो उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि है। वह उन चिराग़ों में से थे जो आँधी में भी जलते रहते हैं, और बुझ जाने के बाद भी अपनी लौ दूसरों को दे जाते हैं।
(लेखक मीडिया पोस्ट, दिल्ली के पूर्व साहित्यिक संपादक

Comments