डॉ. विनोद ‘प्रसून’
डॉ. विनोद ‘प्रसून’ का जन्म 19 दिसम्बर 1969 में उत्तर प्रदेश के बिजनौर में हुआ। वे शिक्षक, संसाधक और साहित्यकार हैं।
वे हिंदी शिक्षण में अपने नवाचारों व सहज, सरल युक्तियों के सफल प्रयोगों के कारण जाने जाते हैं। व्याकरण पर आधारित आपके अवधारणा गीत अपने सरल शब्दों व मधुर लय के कारण बहुत प्रसिद्ध हैं।
आप पिछले 3 दशकों से अध्यापन व लेखन से जुड़े हैं और हिंदी संसाधक/विषय विशेषज्ञ के रूप में सीआईईटी/ एनसीईआरटी, सीबीएसई-सीओई आदि से जुड़े हुए हैं। आप एनसीईआरटी की कक्षा-एक व दो की हिंदी पाठ्यपुस्तक सारंगी एवं शिक्षक संदर्शिका की निर्माण समिति के सदस्य भी हैं। आप सीआईईटी-एनसीईआरटी के पीएम ई-विद्या चैनल से भी जुड़े हैं और एनसीईआरटी पाठ्य पुस्तकों के पाठों पर आधारित आपका लाइव प्रसारण समय-समय पर होता है। आप वर्तमान में दिल्ली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा में हिंदी विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं।
आपका अपन सूत्र (अपनत्व+प्रेरणा+नवीन प्रयोग) और ‘पढ़ो और पढ़ाओ’ के दर्शन को देश-विदेश के हज़ारों शिक्षकों ने सहर्ष अपनाया है।
आप न्यू सरस्वती हाउस प्रकाशन, नई दिल्ली द्वारा प्रकाशित कक्षा-एक से आठवीं तक की चर्चित पाठ्य पुस्तक शृंखला ‘उन्मेष’ ‘उद्गम’ ‘प्रभाती’ तथा कक्षा- एक से दसवीं तक की व्याकरण पुस्तक ‘सार्थक हिंदी व्याकरण’ के लेखक हैं। ‘सार्थक हिंदी व्याकरण’ को भारतीय शैक्षिक प्रकाशक संघ (रजि.) द्वारा बैस्ट बुक अवॉर्ड-2025 से सम्मानित किया गया है।
आप एक कवि के रूप में आकाशवाणी, दूरदर्शन व अन्य चैनलों से भी जुड़े रहे हैं। ‘प्रणय-प्रसून’ (गीत संग्रह), अक्कड़–बक्कड़ (बालगीत संग्रह) तथा ‘मेरे उसके बीच’ (ग़ज़ल संग्रह) आदि आपकी उल्लेखनीय कृतियाँ हैं। आप हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए देश–विदेश में आयोजित हिंदी कार्यशालाओं एवं साहित्यिक कार्यकमों में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं।
आपको ‘साहित्य श्री’ सम्मान, हिंदी भाषा सेवा सम्मान, ग्लोबल डायमंड अवॉर्ड, डीपीएस सोसायटी द्वारा रोल मॉडल टीचर अवॉर्ड, हिंदी की गूँज द्वारा ‘साहित्यकार सम्मान-2020’, साहित्योदय द्वारा ‘हिंदी सेवा रत्न सम्मान-2021’, सीबीएसई-भारत सहोदय द्वारा ’स्टार रिसोर्स पर्सन अवॉर्ड’, एकलव्यम् व काव्य कॉर्नर (पंजीकृत) द्वारा ‘एकलव्यम् हिंदी सेवी सम्मान-2021’ तथा न्यू सरस्वती हाउस प्रकाशन, नई दिल्ली द्वारा ‘सरस्वती शिक्षक सम्मान’, ‘हिंदी साधक सम्मान’ तथा अखिल भारतीय साहित्य परिषद (रजि.) द्वारा साहित्य सेवी सम्मान-2025 तथा भारतीय शैक्षिक प्रकाशक संघ (रजि.) द्वारा प्रतिष्ठित लेखक सम्मान (स्कूली शिक्षा)- 2025 से सम्मानित किया गया है।
Comments